
लखीसराय में नशा तस्करी पर सख्ती, जागरूकता अभियान होगा तेज: डीएम
लखीसराय। समाहरणालय के मंत्रणा कक्ष में जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में नारकोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम, नशा मुक्ति अभियान और जन-जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए गए।समीक्षा में बताया गया कि वर्ष 2025 में 3 मामले दर्ज हुए थे, जिनमें 34.155 किलोग्राम गांजा और 19 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई थी। वहीं 2026 में अब तक 8 मामले दर्ज कर 34.608 किलोग्राम गांजा और 225.88 ग्राम स्मैक जब्त की जा चुकी है।डीएम ने निर्देश दिया कि मादक पदार्थों की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग संयुक्त कार्रवाई करें तथा सूचना तंत्र को और मजबूत बनाया जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग को विद्यालयों में छात्रों और अभिभावकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, जबकि चिकित्सा विभाग को नशा मुक्ति केंद्रों की सुविधाएं बेहतर करने का निर्देश दिया।
बैठक में जीविका दीदियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में नशा मुक्ति अभियान चलाने, विभिन्न विभागों के संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने पर भी जोर दिया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को सोशल मीडिया, पोस्टर और अन्य माध्यमों से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।