
पलवल पुलिस की एएनसी स्टाफ टीम ने अवैध देशी पिस्टल सहित आरोपी धरा।
पलवल पुलिस अपराध और गैर-कानूनी हथियारों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रखेगी-दीप्ति गर्ग, एसपी पलवल।
Aonenews अरविन्द बक्शी
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में अपराध तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, पलवल पुलिस की एएनसी स्टाफ टीम ने अवैध हथियार रखने के मामले में एक आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सौरव उर्फ़ बिच्छू निवासी गाँव खोकियाका, थाना हथीन, जिला पलवल के रूप में हुई है।
एएनसी स्टाफ प्रभारी उप निरीक्षक हनीश खान ने बताया कि दिनांक 19.10.2026 को एएनसी स्टाफ पलवल में तैनात मुख्य सिपाही राकेश की टीम गश्त पड़ताल अपराध के दौरान गाँव गदपुरी टोल टैक्स पर मौजूद थी। इसी दौरान गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि सौरव उर्फ़ बिच्छू, जो अवैध हथियार रखता है, ढुंडसा मोड़ के पास किसी के इंतजार में खड़ा है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस पार्टी को देखकर आरोपी ने तेज कदमों से भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम द्वारा सतर्कता बरतते हुए उसे काबू कर लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। आरोपी से हथियार का वैध लाइसेंस मांगा गया, जिसे प्रस्तुत करने में वह असमर्थ रहा। नियमानुसार बरामद हथियार को पुलिस कब्जे में लेकर थाना गदपुरी में अभियोग दर्ज कराया गया।
आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई। आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पलवल पुलिस अपराध और गैर-कानूनी हथियारों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।