
#बलरामपुर: #तुलसीपुर_विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने एमडी मध्यांचल से की मुलाकात, नई बाजार को नए विद्युत उपकेंद्र से जोड़ने की उठाई मांग...
बलरामपुर। तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र-291 के विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने सोमवार को लखनऊ स्थित मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एमवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक से उनके कार्यालय में मुलाकात कर तुलसीपुर नगर की विद्युत व्यवस्था से जुड़ा एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा।
विधायक ने ज्ञापन में बताया कि नई बाजार, तुलसीपुर की विद्युत आपूर्ति वर्तमान में ईटई मैदा (श्रीदत्तगंज बाजार) स्थित विद्युत उपकेंद्र से की जा रही है, जो क्षेत्र से काफी दूरी पर है। इसके चलते उपभोक्ताओं को लंबे समय से लो वोल्टेज, बार-बार बिजली बाधित होने तथा अन्य तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि तुलसीपुर चीनी मिल परिसर स्थित नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र काफी समय से संचालित है और नगर के पुरानी बाजार सहित कई क्षेत्रों को इसी उपकेंद्र से निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल रही है। ऐसे में जनहित को ध्यान में रखते हुए नई बाजार क्षेत्र को भी इसी नए विद्युत उपकेंद्र से जोड़े जाने की आवश्यकता है।
विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने प्रबंध निदेशक से अनुरोध किया कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर नई बाजार क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति नए उपकेंद्र से सुनिश्चित कराई जाए, जिससे लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान हो सके और उपभोक्ताओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिल सके।
इस पर मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक ने विधायक की मांग को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया और मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया।
#balrampur #tulsipur