कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोचनपुर गांव में दो नाबालिग लड़कों और एक नाबालिग लड़की को ग्रामीणों द्वारा पकड़कर सार्वजनिक रूप से घुमाने, बिजली के खंभे से बांधकर माफी मंगवाने का मामला सामने आया है।
ग्रामीणों का आरोप था कि दोनों लड़के लड़की से रात के अंधेरे में मिलने पहुंचे थे।हालांकि, आरोप चाहे जो भी हों, इस तरह नाबालिगों को गांव में घुमाना, खंभे से बांधना और भीड़ के सामने माफी मंगवाना उनके सम्मान और गरिमा को प्रभावित करने वाला गंभीर मामला है, जिसकी आलोचना शुरू हो गई है।
बताया गया कि रविवार देर रात दोनों नाबालिग लड़की के घर पहुंचे थे। सोमवार सुबह इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई, जिसके बाद कुछ लोग वहां पहुंचे और तीनों को पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने तीनों को गांव में घुमाने के बाद बिजली के खंभे से रस्सी से बांध दिया और भविष्य में ऐसी घटना नहीं दोहराने की हिदायत देते हुए माफी मंगवाई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों नाबालिगों को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर थाने ले गई।
Namkum, Ranchi | Sep 21, 2026