महेंद्रगढ़ जिले के बैरावास गांव की बेटी सान्या यादव ने डिस्कस थ्रो में भुवनेश्वर में आयोजित 65वीं नेशनल इंटर स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 56.05 मीटर का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।
लगातार दमदार प्रदर्शन के बाद सान्या का चयन 20वें एशियन गेम्स के लिए भारतीय एथलेटिक्स टीम में हुआ है। जापान के आइची-नगोया में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स में वह महिला डिस्कस थ्रो स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
सान्या की इस उपलब्धि के पीछे उनके परिवार और कोच का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। एयरफोर्स में सेवारत पिता महेंद्र सिंह और मां कृष्णा यादव ने बेटियों के सपनों को आगे बढ़ाने में निरंतर सहयोग किया। वहीं सान्या ने ओएनजीसी देहरादून में कोच जगजीत सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण हासिल किया है।
बैरावास की मिट्टी से निकलकर भारतीय टीम तक पहुंची सान्या की यह यात्रा क्षेत्र की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा की कहानी है। अब पूरे महेंद्रगढ़ की नजरें जापान में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही अपनी इस बेटी के प्रदर्शन पर हैं।
बधाई व शुभकामनाएं ।
Panapur, Saran | Sep 23, 2026