
बख्तियारपुर/खुसरूपुर/बाढ़: रेल यात्रियों की समस्याओं को जानने और यात्री सुविधाओं में सुधार के उद्देश्य से गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को बख्तियारपुर, खुसरूपुर और बाढ़ रेलवे स्टेशनों पर जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल के रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बख्तियारपुर के क्षेत्राधिकार में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के एसडीजीएम पीके सिन्हा, दानापुर के वरीय डीएफएम विराज सिंह और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), दक्षिण पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर राजीव गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बख्तियारपुर के प्रभारी निरीक्षक जवाहरलाल के नेतृत्व में आरपीएफ कर्मियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
जन-संवाद के दौरान अधिकारियों ने स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं, असुविधाओं और अपेक्षाओं की जानकारी ली। यात्रियों की शिकायतें सुनने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस पहल का उद्देश्य रेल सेवाओं को अधिक सुगम, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल बनाना तथा यात्रियों की शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करना है।