
रांचीवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। रांची में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहर सुनियोजित विकास के लिए तीन नए फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। नगर विकास विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्ताव के अनुसार बिरसा चौक से तुपुदाना चौक (टेंडर हार्ट स्कूल के निकट), कटहल मोड़ से दलादिली चौक तथा लालपुर-फिरायालाल-डंगराटोली इंटीग्रेटेड फ्लाईओवर बनाए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, बीते तीन सितंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में सुनियोजित शहरी विकास, भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शहरों के विस्तार को लेकर अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की थी। इसी बैठक में नगर विकास विभाग की ओर से ब्यूटीफिकेशन ऑफ द कैपिटल सिटी ऑफ रांची शीर्षक से तैयार रिपोर्ट और डिजाइन का प्रेजेंटेशन पेश किया गया। यह डिजाइन जुडको ने तैयार किया है। इन तीनों परियोजनाओं पर 2,335.87 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। फिलहाल यह परियोजना प्रस्ताव के प्रारंभिक चरण में है। इसके अंतिम अनुमोदन, बजट आवंटन और निर्माण कार्य शुरू होने की समय-सीमा को लेकर औपचारिक घोषणा होना अभी बाकी है।
रांची को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए कई फ्लाईओवर पाइपलाइन में हैं। इनमें करमटोली-चिरौंदी, अरगोड़ा-चापूटोली और हरमू रोड फ्लाईओवर की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और निर्माण एजेंसियों का चयन भी कर लिया गया है। जल्द ही इनका निर्माण शुरू होने की संभावना है। करमटोली-चिरौंदी कॉरिडोर करीब तीन किमी लंबा होगा। यह करमटोली चौक से साइंस सिटी होते हुए चिरौंदी तक जाएगा। वहीं अरगोड़ा-चापूटोली कॉरिडोर भी करीब चार किमी लंबा होगा। यह हरमू रोड से डिबडीह ब्रिज तक सीधी कनेक्टिविटी देगा। हरमू रोड फ्लाईओवर सहजानंद चौक के पास से जज कॉलोनी के समीप तक बनाया जाएगा।
Namkum, Ranchi | Sep 20, 2026