
विजयादशमी पर रावण दहन स्थलों का एसपी सिटी ने किया निरीक्षण
सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस अलर्ट, रामलीला कमेटियों से ली तैयारियों की जानकारी
हरिद्वार। विजयादशमी पर मंगलवार को हरिद्वार के विभिन्न मैदानों में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। आयोजन में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर एसपी सिटी दीपक सिंह ने सोमवार को विभिन्न रावण दहन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों से आयोजन की तैयारियों, संभावित भीड़ और आपातकालीन व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
एसपी सिटी ने नगर कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख रावण दहन स्थलों के साथ ज्वालापुर, भीमगोड़ा, मायापुर और कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात तथा भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुतलों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश
एसपी सिटी ने रामलीला कमेटियों से कहा कि रावण दहन के दौरान लोगों के आने-जाने के रास्ते सुचारू रखे जाएं। पुतलों के आसपास दर्शकों की भीड़ एकत्र न होने दी जाए और सुरक्षित दूरी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।
पुलिस का फोकस आयोजन स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने पर है। विजयादशमी के आयोजन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।
Haridwar Stambh Vasudev Haridwar Police Uttarakhand Police Dipr Haridwar