
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर अंतर्गत नगर पंचायत क्षेत्र गैसड़ी में पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के कारण नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में भारी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर पंचायत के जिम्मेदारों की लापरवाही और नकारा कार्यशैली के कारण आज लोगों को जलभराव जैसी भीषण समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
अधूरे नाले ने बढ़ाई मुसीबत
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जल निकासी के लिए पूर्व में शुरू किया गया नाले का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। बारिश के पानी की निकासी का कोई ठोस रास्ता न होने के कारण नालियों का गंदा पानी और बारिश का जल लोगों के घरों में घुस रहा है। जलभराव के कारण महामारियों और संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
जब भी वार्डों में पानी भरता है, तो नगर पंचायत प्रशासन द्वारा जल निकासी का स्थायी समाधान निकालने के बजाय पानी को जबरन आसपास के किसानों के खेतों की तरफ मोड़ दिया जाता है। इस कारण किसानों की फसलें जलमग्न होकर पूरी तरह बर्बाद हो रही हैं। स्थानीय किसानों में भी इस लापरवाही को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है।
सड़क पर उतरे नागरिक, हाईवे किया जाम
दीर्घकालिक समस्या से परेशान और नगर पंचायत प्रशासन की अनदेखी से गुस्साए क्षेत्रीय निवासियों ने रविवार को हाईवे रोड पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया। आक्रोशित जनता ने नगर पंचायत अध्यक्ष और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए धरना दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि काफी समय से नगर पंचायत अध्यक्ष से इस समस्या के समाधान की गुहार लगाई जा रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। यदि जल निकासी के अधूरे पड़े नाले का निर्माण शीघ्र पूरा नहीं कराया गया और जलभराव का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो नागरिक बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Balrampur UP-47 ब्लाक गैसड़ी समाचार गैसड़ी बाजार बलरामपुर, उत्तर प्रदेश Rajendra Patwa नगर पंचायत गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र गैसड़ी