
#बलरामपुर: निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर यूरिया बेचने पर बड़ी कार्रवाई, यादव ट्रेडर्स का उर्वरक लाइसेंस निरस्त...
#बलरामपुर, 27 जुलाई 2026। किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने और उर्वरक वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विकास खंड गैण्डास बुजुर्ग के ग्राम जनकपुर बैरियर स्थित मैसर्स यादव ट्रेडर्स का उर्वरक विक्रय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
जिला कृषि अधिकारी उपेन्द्र नाथ खरवार के नेतृत्व में कृषि विभाग की टीम ने लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। टीम के पहुंचते ही प्रतिष्ठान संचालक एवं प्रोपराइटर मुकेश कुमार यादव दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया। इसके चलते प्रतिष्ठान पर उपलब्ध उर्वरक स्टॉक, पीओएस मशीन, स्टॉक रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की जांच नहीं हो सकी।
निरीक्षण के दौरान दुकान पर मौजूद विक्रेता के पिता से उर्वरक बिक्री एवं स्टॉक के संबंध में जानकारी मांगी गई, लेकिन वह कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। वहीं मौके पर मौजूद किसानों से पूछताछ में ग्राम बसंतपुर निवासी किसान ने बताया कि उससे एक बोरी यूरिया के साथ एक किलोग्राम जिंक खरीदने के लिए कुल ₹400 लिए गए। इससे यह स्पष्ट हुआ कि निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूली जा रही थी और यूरिया के साथ जिंक खरीदने का दबाव भी बनाया जा रहा था।
जांच में निरीक्षण से बचने के लिए दुकान बंद कर फरार होना, आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत न करना, निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर यूरिया बेचना तथा अन्य उत्पाद की जबरन टैगिंग जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर जिला कृषि अधिकारी ने कार्यालय आदेश संख्या-313, दिनांक 27 जुलाई 2026 के तहत मैसर्स यादव ट्रेडर्स, जनकपुर बैरियर, विकास खंड गैण्डास बुजुर्ग का उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र (लाइसेंस) तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया।
जिला कृषि अधिकारी ने चेतावनी दी कि किसानों से अधिक कीमत वसूलने, उर्वरक के साथ अन्य उत्पाद जबरन बेचने, कालाबाजारी करने अथवा स्टॉक एवं पीओएस मशीन में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से उर्वरक खरीदते समय रसीद अवश्य लेने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तत्काल कृषि विभाग या जिला प्रशासन को देने की अपील की है।
#balrampur #dmbalrampur