
#बलरामपुर: जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश...
बलरामपुर, 27 जुलाई 2026।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापक समीक्षा की गई। बैठक में संस्थागत प्रसव, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना, विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान, आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान तथा जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी की ओपीडी-आईपीडी व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई।
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव एवं एएनसी पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) वाली महिलाओं की नियमित निगरानी, समय पर जांच और सुरक्षित प्रसव पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही निजी नर्सिंग होम द्वारा प्रसव संबंधी जानकारी उपलब्ध न कराने पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में नियमित टीकाकरण की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा या गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं के लंबित भुगतान का शीघ्र निस्तारण करने तथा उनके कार्यों के अनुरूप प्रोत्साहन राशि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की समीक्षा के दौरान डीएम ने स्वास्थ्य, पंचायती राज, नगर निकाय, शिक्षा और बाल विकास विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ स्वच्छता, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और जनजागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से चलाने पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि जनपद में 187 आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं, जहां जून माह में 71,496 मरीजों का उपचार किया गया। डीएम ने सभी उपकेंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा ग्राम निधि से आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्लाहनगर में तैनात आयुष चिकित्सक डॉ. जमीर के विरुद्ध चिकित्सीय लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों को समय पर उपचार, दवाओं और जांच की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा शासन की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#balrampur #dmbalrampur