
कांग्रेस जिलाध्यक्ष की बहू बनेगी रिटायर्ड कर्नल की इकलौती बेटी:राहुल गांधी समेत 20 हजार लोगों को न्योता; चंडीगढ़ में 5 साल पहले मिले थे दोनों....
हरियाणा के सिरसा कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल के छोटे बेटे नीतेश बेनीवाल शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। 21 अक्टूबर को वे चंडीगढ़ निवासी कोमल प्रीत रंधावा से सात फेरे लेंगे। दोनों की लव-मैरिज है, करीब 5 साल से एक-दूसरे को जानते हैं।
कोमल के पिता जगजीत सिंह रंधावा रिटायर्ड कर्नल हैं, जबकि माता एडवोकेट हैं। शादी में 20 हजार लोगों के भोज की व्यवस्था की गई है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, सांसद कुमारी सैलजा समेत कई नेताओं को न्योता दिया गया है।
शादी के कार्यक्रम उनके पैतृक गांव दड़बा में होंगे। दड़बा से फैमिली मेंबर्स, करीब 100 से 150 रिश्तेदार बारात लेकर चंडीगढ़ जाएंगे। गांव में रिसेप्शन रखा गया है, जिसमें आसपास के गांवों के लोगों को बुलाया गया है।
4-5 साल से एक-दूसरे को जानते हैं
कोमलप्रीत ने पुणे से MBA किया है। चंडीगढ़ में रहने के दौरान उनकी मुलाकात नीतेश से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी। दोनों पिछले 4 से 5 साल से एक-दूसरे को जानते हैं। बाद में दोनों परिवारों की मुलाकात हुई और रिश्ता तय हो गया। 22 फरवरी 2026 को दोनों की रिंग सेरेमनी हुई थी।
होने वाली बहू इंटीरियर डिजाइनर
कोमल प्रीत रंधावा चंडीगढ़ की रहने वाली हैं। उनके पिता जगजीत सिंह रंधावा रिटायर्ड कर्नल हैं, जबकि माता वंदना एडवोकेट हैं। कोमल अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं और पेशे से इंटीरियर डिजाइनर हैं।
फैमिली बिजनेस संभालते हैं नीतेश
संतोष बेनीवाल के दो बेटे हैं। दीपेश बड़े और नीतेश बेनीवाल छोटे हैं। दीपेश की शादी हो चुकी है। उनका एक बेटा (एकलव्य) भी है। वहीं, नीतेश बीए पास हैं और परिवार का बिजनेस संभालते हैं। परिवार के पास चौपटा और आसपास के क्षेत्र में शराब के ठेके हैं।
#sirsa #gokul #gokulsetia #sirsa #mla #viral #sirsabreaking #takkrtoday #sirsatody #congress #brejindersingh #santoshbeniwal #santoshvsgokul #inld #abhaychautala
Sirsa, Sirsa | Oct 18, 2026