
आज शिमला के ऐतिहासिक बैंटनी में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अत्याधुनिक डिजिटल संग्रहालय का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक डिजिटल तकनीकों से सुसज्जित यह संग्रहालय हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, इतिहास और विरासत को संरक्षित कर उन्हें विश्व पटल तक पहुँचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला के इतिहास में बैंटनी का विशेष महत्व रहा है। ऐसे ऐतिहासिक स्थल पर स्थापित यह संग्रहालय हमारी सांस्कृतिक धरोहर को आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी और दुनिया से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।
डिजिटल संग्रहालय की प्रमुख विशेषताएँ-
• हाई-रेजोल्यूशन 3D स्कैनिंग, वर्चुअल रियलिटी, ऑगमेंटेड रियलिटी, इंटरैक्टिव टाइमलाइन और इमर्सिव स्टोरीटेलिंग जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का समावेश।
• हिमाचल की लोक परंपराओं, हस्तशिल्प, आध्यात्मिक विरासत और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रेरणादायक गाथाओं का सजीव एवं आकर्षक अनुभव।
• अतीत और भविष्य के बीच सशक्त सेतु के रूप में ज्ञान, संस्कृति और विरासत को आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत करने की पहल।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक हरीश जनारथा, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल एवं अन्य गणमान्यजन भी मौजूद रहे।
Dharmpur, Mandi | Jul 11, 2026