
एक बात, जो हर कानपुर देहातवासी को जरूर सोचनी चाहिए!
मैं भाजपा का विरोध नहीं करता, लेकिन अपनी बात साफ शब्दों में कहना जानता हूं। इसलिए आज कुछ सवाल अपने जिले की जनता के सामने रखना चाहता हूं।
मेरे प्यारे साथियों, मोदी सरकार आई तो कानपुर देहात की चारों लोकसभा सीटों पर भाजपा के सांसद जीते। योगी सरकार आई तो हमारे जिले से विधायक बने, बल्कि मंत्री भी बने। दोबारा योगी सरकार आई तो जिले में चार विधायक हुए, जिनमें से तीन मंत्री तक बने। लेकिन जरा सोचिए, इतने बड़े राजनीतिक प्रतिनिधित्व के बावजूद कानपुर देहात की जनता को आखिर मिला क्या? कोई बता सकता है?
मैं बताता हूं... घंटा!
अब जरा अपने जिले की सबसे पिछड़ी तहसीलों में शामिल सिकंदरा और उसके अंतर्गत आने वाले अति पिछड़े संदलपुर ब्लॉक की बात करते हैं। अगर संदलपुर ब्लॉक की किसी भी ग्राम पंचायत में कोई ऐसा बेहतरीन विकास कार्य हुआ हो, जिसे देखकर लगे कि वास्तव में गांव की तस्वीर बदली है, तो कमेंट करके जरूर बताइएगा।
अब बात करते हैं संदलपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत जसापुर की।
जिस समय शिवम पाल चुनाव लड़ रहे थे, उस समय मेरे गांव में सेंगुर नदी के किनारे हर वर्ष की तरह बसंत पंचमी के पावन पर्व पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन चल रहा था। भोले बाबा की कृपा से शिवम पाल जी का मेरे गांव आगमन हुआ। उन्होंने बिना किसी दिखावे और दबाव के अपने मन से भागवत कथा के लिए 5100 रुपये प्रदान किए।
इसके बाद शुरू हुआ असली खेल!
जब गांव के कुछ ऐसे नेताओं को इसकी जानकारी हुई, जिनकी मानसिकता गांव के विकास से ज्यादा अपने निजी हितों तक सीमित है, तो उन्होंने तत्कालीन मंत्री जी को फोन घुमा दिया और गांव आने का न्योता दे दिया।
मंत्री जी गांव पहुंचे और भागवत कथा में 2500 रुपये प्रदान किए। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि भागवत कथा की कमेटी और उन नेताओं ने इसका सार्वजनिक ऐलान तक नहीं करवाया।
इसके बाद उन्हीं नेताओं ने दोबारा मंत्री जी से निवेदन किया कि शिवम पाल जी 5100 रुपये दे गए हैं और आपकी प्रतिष्ठा का सवाल है। फिर 2500 रुपये और आए। इस तरह कुल 5000 रुपये हुए, जबकि शिवम पाल जी ने बिना किसी दबाव और दिखावे के अपने मन से 5100 रुपये दिए थे।
इसके बाद तो जैसे एक महामुकाबला ही खड़ा कर दिया गया। कई बार ऐलान हुआ, मंत्री जी ने भागवत कथा में 5000 रुपये देने और सेंगुर नदी पर पुल बनवाने की बात भी कही।
लेकिन आज कई वर्ष बीत जाने के बाद भी उस पुल का क्या हुआ? गांव की जनता खुद सोच सकती है।
अब मेरा सवाल उन नेताओं से है, जो चुनाव के समय गांव की जनता के बीच पहुंचते हैं, बड़े-बड़े वादे करते हैं और फिर जनता को भूल जाते हैं।
गांव का विकास किसी पार्टी का मोहताज नहीं होना चाहिए। न भाजपा से दुश्मनी होनी चाहिए और न किसी दूसरी पार्टी से अंधा विरोध। जो गांव के लिए काम करे, जो जनता की बात सुने, जो बिना भेदभाव के सबके साथ खड़ा हो, समर्थन उसी का होना चाहिए।
इसलिए मैं अपने गांव जसापुर सहित संदलपुर ब्लॉक और कानपुर देहात के सभी गांवों के लोगों से हाथ जोड़कर अपील करता हूं—
जो आपकी सुनता हो, उसको समर्थन दो। जो आपके गांव का विकास कर सकता हो, उसको जिताओ।
गांव में एक बैठक होनी चाहिए। गांव के लोग मिलकर ऐसा नेतृत्व चुनें, जो गांव के छोटे-बड़े विवादों को गांव में ही बैठकर सुलझाए। ऐसा नहीं कि किसी एक पक्ष की बात सुनकर फोन घुमा दिया जाए और दूसरे पक्ष को सुने बिना ही फैसला कर लिया जाए।
याद रखिए, गांव का नेता वह नहीं होता जो अधिकारियों और मंत्रियों से अपनी पहचान बताता फिरे, बल्कि असली नेता वह होता है जो गांव के गरीब, किसान और जरूरतमंद की आवाज बनकर खड़ा हो।
राजनीति अपनी जगह है, पार्टी अपनी जगह है, लेकिन गांव का विकास सबसे पहले है।
अब समय आ गया है कि हम जाति, पार्टी और व्यक्तिगत संबंधों से ऊपर उठकर अपने गांव और अपने बच्चों के भविष्य के बारे में सोचें।
क्योंकि नेता बदलने से नहीं, सोच बदलने से गांव की तस्वीर बदलेगी।
एक सवाल आप सभी से—क्या हम अपने गांव का नेतृत्व सही हाथों में देने के लिए तैयार हैं?
✍️ भानु प्रताप सिंह राठौड़