
सातनपुर चौक पर जलजमाव से बदहाल NH-122 लिंक रोड, 500 मीटर तक भरे पानी से राहगीर व दुकानदार परेशान.
समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय को राष्ट्रीय राजमार्ग-122 (NH-122) से जोड़ने वाली प्रमुख सड़क पर सातनपुर चौक के समीप जलजमाव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सातनपुर-उजियारपुर मुख्य मार्ग पर करीब 500 मीटर तक 8 से 10 इंच वर्षा का पानी कई दिनों तक जमा रहने से आम लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। इस सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं, लेकिन जलजमाव के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है।
स्थानीय व्यवसायी मोहम्मद सितारे अहमद ने बताया कि यह उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने का मुख्य मार्ग है। सड़क पर पानी भरे रहने से वाहन चालकों, छात्रों, ग्रामीणों और पैदल यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं सड़क किनारे स्थित 50 से अधिक दुकानों का कारोबार भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है, क्योंकि ग्राहक जलजमाव के कारण दुकानों तक पहुंचने से बचते हैं।
व्यवसायी भोला महतो ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क के गड्ढे पानी में छिप जाते हैं, जिससे आए दिन बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
सबसे अहम बात यह है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन अंचलाधिकारी (सीओ), प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), थानाध्यक्ष सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन गुजरते हैं। विधायक और सांसद भी क्षेत्र भ्रमण के दौरान इसी सड़क का उपयोग करते हैं, लेकिन वर्षों से बनी इस समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
इस संबंध में जब उजियारपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि पहले यह पता करना होगा कि सड़क का निर्माण किस विभाग ने कराया है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई संभव होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस समस्या पर प्रखंड कार्यालय सीधे तौर पर कुछ नहीं कर सकता।
ग्रामीणों, दुकानदारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से सातनपुर चौक पर स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और स्थानीय व्यापार फिर से सामान्य हो सके।
#Samastipur #Ujiarpur #SatanpurChowk #Waterlogging #NH122 #RoadProblem #BiharNews #SamastipurNews #RoadSafety #PublicIssue #LocalNews #Development #Bihar #StreamBihar