
भैंस धोने गया युवक सरयू नदी में डूबा, मछुआरों की मदद से तलाश जारी
स्थानीय थाना क्षेत्र के अराजी गंगापुर गांव स्थित सरयू नदी में रविवार की दोपहर भैंस धोने गये युवक का पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद से स्थानीय मछुआरे और ग्रामीण युवक की तलाश में जुटे हुए हैं ।
जानकारी के अनुसार राजन उम्र लगभग 18 वर्ष पुत्र संजय निवासी ग्राम साबितपुर, थाना राजेसुल्तानपुर दस दिन पहले अपने ननिहाल अराजी गंगापुर गांव निवासी नाना चन्द्रदेव के यहां आया था । रविवार को वह घाघरा नदी में भैंस धोने गया इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में समा गया । घटना की सूचना मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्थानीय गोताखोरों और मछुआरों की मदद से नदी में खोजबीन शुरू कर दिया । सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी तथा एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया है ।
समाचार लिखे जाने तक एसडीआरएफ टीम मौके पर नहीं पहुंची थी । नावों की सहायता से नदी में जाल डालकर खोजबीन की जा रही है । राजन परिवार का इकलौता वारिस था । बेटे के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया तथा स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है ।