
देवघर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फर्जी कस्टमर केयर बनकर ठगी करने वाले दो साइबर अपराधी गिरफ्तार।
देवघर :– मोहनपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर थाना की टीम ने मोहनपुर थाना क्षेत्र के चौपा जंगल में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
फर्जी कस्टमर केयर बनकर लोगों से करते थे ठगी:– पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी Flipkart, Amazon, PhonePe Customer Care, Google Pay और Airtel Payment Bank के फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को फोन करते थे। इसके अलावा PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे। आरोपी Airtel Thanks App के माध्यम से भी लोगों को झांसे में लेकर बैंकिंग संबंधी धोखाधड़ी करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान :–पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रह्लाद कुमार राय (19 वर्ष), पिता राजेंद्र राय, निवासी सिमरजोर, थाना मोहनपुर , जिला देवघर और गणेश मंडल (27 वर्ष), पिता गोखुल मंडल,निवासी चरघरा, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा के रूप में की है।
बरामद हुए मोबाइल और सिम कार्ड:–छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में इन उपकरणों का उपयोग साइबर अपराध में किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस जब्त किए गए सामान की तकनीकी जांच कर रही है और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी:–देवघर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, संदिग्ध लिंक या APK फाइल पर भरोसा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की सूचना तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाना में दें। #khabardeogharlive #CyberCrime #JharkhandNews #CyberPolice #deoghar