
ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से जवान की मौत, पैतृक गांव पहुंचा पार्थिव शरीर; आज राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
#देवरिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के चंद्रभान गांव निवासी जवान सत्येंद्र सिंह (36) का ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे पैतृक गांव पहुंचा, जहां परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और शुभचिंतक उनके आवास पर पहुंचे और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए उप जिलाधिकारी प्रवीण कुमार, क्षेत्राधिकारी संजय कुमार रेड्डी, तहसीलदार के.के. मिश्रा, थाना प्रभारी अश्वनी प्रधान सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग भी पहुंचे। सभी ने पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
शनिवार को चंद्रभान गांव के निकट छोटी गंडक नदी के तट पर राजकीय सम्मान के साथ सत्येंद्र सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्तित्व का धनी बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
#deorianews
Barhaj, Deoria | Jul 11, 2026