
लाल सिंह आर्य बोले- कभी पार्षद बनने का सपना नहीं देखा, BJP ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया
भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ग्वालियर पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने नई जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का आभार जताया।
लाल सिंह आर्य ने अपने संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि वे कभी कंपाउंडर थे, उनके पिता कारीगरी करते थे और बाबा जूते बनाते थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी वार्ड पार्षद बनने का भी सपना नहीं देखा था, लेकिन भाजपा नेतृत्व ने उन्हें इतना बड़ा दायित्व दिया है। अब वे संगठन की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
आगामी चुनावों को लेकर आर्य ने कहा कि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गोवा, गुजरात और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने पंजाब में भी भाजपा का कमल खिलने का दावा किया।
युवाओं के विरोध के सवाल पर उन्होंने कहा कि देश का राष्ट्रभक्त युवा चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को अपना आदर्श मानता है और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ खड़ा है। राहुल गांधी के मनुस्मृति वाले बयान पर आर्य ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस विकास और राष्ट्र को मजबूत करने में विश्वास नहीं करती। भाजपा का लक्ष्य राष्ट्र प्रथम और आम जनता का कल्याण है।
#LalSinghArya #BJP #Gwalior #MadhyaPradesh #PoliticalNews