
जल शक्ति विभाग का कर्मचारी 428 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने मोटरसाइकिल भी की जब्त
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जल शक्ति विभाग के एक कर्मचारी को 428 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मंड घंडरां क्षेत्र में दबिश दी, जहां एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 428 ग्राम अफीम बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय सुमित ठाकुर निवासी गांव मलकाना, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी जल शक्ति विभाग में मल्टी टास्क वर्कर (MTW) के पद पर कार्यरत है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही अफीम की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
हिमाचल पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
#BreakingNews #Himachal #Kangra #Indora #DrugBust #Opium #HimachalPolice #UTHimachal