
मंदारहिल रेलखंड पर वंदे भारत एक्सप्रेस से टकराया सांड,बाधित रहा परिचालन
#VandeBharatExpress : कोलकाता से जमालपुर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार को बांका जिले के मंदार हिल स्टेशन से आगे लीलावरण गांव के समीप एक सांड से टकरा गई. टक्कर के बाद मवेशी ट्रेन के नीचे फंस गया, जिसके कारण ट्रेन को तत्काल रोकना पड़ा. रेलवे कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक को साफ कराया, जिसके बाद परिचालन बहाल हुआ.
लीलावरण गांव के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह घटना मालदा रेल मंडल के मंदार हिल-बाराहाट रेलखंड पर किलोमीटर संख्या 45/7 के पास हुई. तेज रफ्तार से गुजर रही वंदे भारत एक्सप्रेस के सामने अचानक एक सांड रेलवे ट्रैक पर आ गया. लोको पायलट ने लगातार हॉर्न बजाकर उसे हटाने का प्रयास किया, लेकिन सांड ट्रैक से नहीं हट सका और ट्रेन की चपेट में आ गया.टक्कर के बाद सांड ट्रेन के नीचे फंस गया, जिससे ट्रेन को तत्काल रोकना पड़ा. सूचना मिलने पर रेलवे के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद मवेशी को ट्रेन के नीचे से बाहर निकाला. कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. वंदे भारत एक्सप्रेस मंदार हिल स्टेशन से दोपहर 12:14 बजे रवाना हुई थी और उसे 12:24 बजे बाराहाट जंक्शन पहुंचना था. लेकिन हादसे के कारण ट्रेन करीब 27 मिनट विलंबित हो गई और दोपहर 12:51 बजे बाराहाट स्टेशन पहुंची.