
ओडिशा के पुरी में समुद्र के समीप जल्द ही झारखंड सरकार का अपना गेस्ट हाउस होगा। इस पर करीब 99 करोड़ रुपए खर्च होंगे। अभी पुरी में झारखंड का गेस्ट हाउस किराए के भवन में चल रहा है। नए गेस्ट हाउस निर्माण का प्राक्कलन तैयार हो गया है। भवन निर्माण विभाग ने तकनीकी अनुमोदन दे दिया है।
डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंजूरी दे दी है। अब प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पुरी में बनने वाले इस गेस्ट हाउस में झारखंड से आने वाले मंत्रियों, सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ आम लोगों के ठहरने की भी सुविधा होगी। इसके लिए संबंधित विभाग से बुकिंग करानी होगी।
भगवान जगन्नाथ मंदिर से 8 किमी दूर बनेगा भवन: ओडिशा सरकार ने अपने इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (इडको) के माध्यम से पुरी सदर के ग्राम बालुखंडा में 0.35 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है। यह जमीन कोणार्क वन्यजीव अभयारण्य के पास है और भगवान जगन्नाथ मंदिर से करीब 8 किलोमीटर दूर है।
जमीन के लिए झारखंड सरकार ने इडको को 49.70 लाख रुपए लीज प्रीमियम, 7.20 लाख रुपए स्टांप ड्यूटी, वार्षिक किराया और रजिस्ट्रेशन शुल्क का भुगतान कर दिया है। दोनों पक्षों के बीच पहले ही लीज एग्रीमेंट हो चुका है।
Namkum, Ranchi | Aug 31, 2026