
बिक्रमगंज में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, प्रभात कुमार का तबादला, दिलीप कुमार बने नए एसडीएम
बिहार प्रशासनिक सेवा में हुए ताजा प्रशासनिक फेरबदल के तहत बिक्रमगंज अनुमंडल के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) प्रभात कुमार का तबादला कर दिया गया है। उनके स्थान पर समस्तीपुर में पदस्थापित रहे दिलीप कुमार को बिक्रमगंज का नया अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है। दिलीप कुमार का बिक्रमगंज से पुराना जुड़ाव रहा है। वे इससे पहले अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी (डीएसएलआरओ/लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी) के रूप में यहां अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने पूर्व कार्यकाल में उन्होंने आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और प्रशासनिक कार्यशैली से अपनी अलग पहचान बनाई थी। क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित होने के कारण उनसे बेहतर प्रशासनिक समन्वय और जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की उम्मीद की जा रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि उनके अनुभव का लाभ अनुमंडल के विकास कार्यों और सुशासन को नई गति देने में मिलेगा। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि नए एसडीएम दिलीप कुमार के नेतृत्व में बिक्रमगंज अनुमंडल में प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों को किस तरह नई दिशा मिलती है।