जमुई: 200 रुपया नहीं देने पर प्रैक्टिकल में नहीं मिलेगा नंबर, धनराज सिंह कॉलेज पिरिहिंडा का मामला
जमुई जिले के धनराज सिंह कॉलेज पिरिहिंडा सिकंदरा में प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर छात्र-छात्राओं से अवैध राशि की वसूली किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। छात्राओं से अवैध राशि की मांग करते कथित वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो मंगलवार की सुबह 7:00 बजे सामने आई है। यह वायरल वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना है।वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं और छात्र- छात्राओं में भी आक्रोश का माहौल है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रैक्टिकल के नाम पर कॉलेज कर्मी छात्र-छात्राओं से प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर 200 रुपये की मांग कर रहे हैं। वीडियो में यह भी सुनाई देता है कि रुपये नहीं देने पर प्रैक्टिकल में कम अंक देने अथवा नंबर नहीं मिलने की बात कही जा रही है।
दरअसल शेखपुरा जिले के एक कॉलेज के छात्र-छात्राओं का प्रैक्टिकल परीक्षा केंद्र धनराज सिंह कॉलेज पिरिहिंडा सिकंदरा में बनाया गया है। आरोप है कि परीक्षा के दौरान कॉलेज प्रशासन की ओर से खुलेआम छात्रों से रुपये लिए जा रहे थे। इसी दौरान किसी छात्र ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद एक ओर छात्रों और अभिभावकों के बीच नाराजगी देखी जा रही है तो दूसरी ओर कॉलेज कर्मियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और परीक्षा की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। फिलहाल इस मामले में कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. वहीं, अब सभी की निगाहें मुंगेर विश्वविद्यालय पर टिकी हुई हैं कि वायरल वीडियो की जांच कर दोषियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई होती है। #jamuitopnews #viralreelsシ #viralvideochallenge #college
Jamui, Jamui | Jul 14, 2026