
शेर अली जाफरी के कथित फर्जी दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच की मांग
योगेश गुप्ता ने डीएम और एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की
बरेली। खुसरो पीजी कॉलेज के संचालक शेर अली जाफरी के खिलाफ कथित फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खातों के इस्तेमाल, संपत्ति लेनदेन और शैक्षिक धोखाधड़ी के आरोप लगाते हुए योगेश गुप्ता ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। उन्होंने संबंधित दस्तावेजों व बैंक खातों की जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि शेर अली जाफरी ने अलग-अलग आधार कार्ड और पैन कार्ड के जरिए बैंक खातों में करोड़ों रुपये का लेनदेन किया तथा संपत्ति खरीद-बिक्री में सरकारी राजस्व की चोरी की। शिकायत में नगर निगम का करीब 20.51 लाख रुपये बकाया होने और कुर्की की कार्रवाई के लिए नोटिस जारी होने का भी उल्लेख किया गया है।
योगेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि जहानाबाद, पीलीभीत में संचालित बताए जा रहे एक डिग्री कॉलेज में अनियमितताओं के माध्यम से सरकारी अनुदान के दुरुपयोग की भी जांच होनी चाहिए। इसके अलावा खुसरो पीजी कॉलेज में डी-फार्मा की मान्यता के बिना छात्रों को प्रवेश देने और कथित फर्जी प्रमाणपत्र जारी करने के मामले में पहले दर्ज मुकदमों का हवाला दिया गया है।
शिकायत में सीबीगंज थाने में दर्ज धोखाधड़ी व जालसाजी के मुकदमों तथा गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने शेर अली जाफरी की कथित अवैध संपत्तियों, बैंक खातों, पहचान दस्तावेजों और विदेशों से होने वाली फंडिंग की जांच कराने की मांग की है। डीएम और एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र के साथ कथित दस्तावेजों की छायाप्रतियां भी संलग्न की गई हैं।
Bareilly news Live