
एक ही रात में उजड़ गया परिवार: सांप के डसने से मासूम भाई-बहन की मौत, मां का रो-रोकर बुरा
भिंड जिले के देहात थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां सांप के डसने से मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, देहात थाना क्षेत्र के पूरे गांव निवासी धर्मेंद्र नरवरिया की 8 वर्षीय बेटी काव्या और उसका छोटा भाई आयुष सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात अपनी मां बबिता नरवरिया के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब साढ़े तीन बजे काव्या ने अपनी मां से कहा कि उसे किसी ने काट लिया है।
परिजन तुरंत दोनों बच्चों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने काव्या को मृत घोषित कर दिया। कुछ ही देर बाद छोटे भाई आयुष की भी तबीयत बिगड़ने लगी। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।
एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। मां बबिता नरवरिया का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Gormi, Bhind | Jul 14, 2026