
एक घंटे तक झमाझम बारिश, नवरात्रि पंडालों में भराया पानी
-खुले में रखी फसलों को तिरपाल से ढका
-सोडलपुर में अचानक बदला मौसम, शाम 4 बजे शुरू हुई तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित
अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम सोडलपुर सहित आसपास के पूरे क्षेत्र में रविवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली। शाम करीब 4 बजे आसमान में बादल छाने के बाद तेज बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब एक घंटे तक जारी रहा। झमाझम बारिश से पूरा क्षेत्र तरबतर हो गया। बारिश के कारण जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं नवरात्रि उत्सव के चलते विभिन्न स्थानों पर सजाए गए दुर्गा पंडालों में पानी भरने से व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं। ग्राम में इन दिनों शारदीय नवरात्रि उत्सव की धूम है। जगह-जगह माता रानी की प्रतिमाएं विराजित हैं और पंडालों में प्रतिदिन पूजा-अर्चना, आरती व गरबा सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। ऐसे में अचानक हुई तेज बारिश से कई पंडालों में पानी भर गया। इससे समितियों को व्यवस्थाएं संभालने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
खुले में रखी मक्का और धान की फसल को बचाने की मशक्कत
बारिश के दौरान किसानों की चिंता भी बढ़ गई। क्षेत्र में कई किसानों की मक्का और धान की फसल खुले स्थानों पर रखी हुई थी। अचानक तेज बारिश शुरू होने से फसल भीगने का खतरा पैदा हो गया। ऐसे में किसानों ने तत्परता दिखाते हुए फसल को तिरपाल और पॉलिथीन से ढककर पानी से बचाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक हुई बारिश से खेत-खलिहान सहित पूरे क्षेत्र में पानी फैल गया। वहीं, नवरात्रि के दौरान मौसम में आए इस बदलाव से धार्मिक आयोजनों में जुटे लोगों को भी व्यवस्थाएं संभालनी पड़ीं।
Harda, Harda | Oct 19, 2026