गोवंश संरक्षण में लापरवाही न हो, डीएम ने दिए प्रभावी व्यवस्था के निर्देश
#देवरिया। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में गोवंश आश्रय स्थलों की स्थापना, संचालन और प्रबंधन को लेकर जिला स्तरीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन बैठक हुई। इस दौरान डीएम ने निराश्रित गोवंश को गो आश्रय स्थलों में संरक्षित करने के साथ उनकी नियमित निगरानी, टैगिंग और अभिलेखीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने चारागाह की भूमि का चिन्हांकन कर वहां निराश्रित गोवंश के लिए नेपियर चारे की बुवाई कराने को कहा। गो आश्रय स्थलों के सुदृढ़ीकरण के लिए मनरेगा के माध्यम से आवश्यक कार्य कराने तथा कराए गए वृक्षारोपण की जियो-टैगिंग कराने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने पशुओं के चिकित्सा उपचार, बधियाकरण और कृत्रिम गर्भाधान के निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में परियोजना निदेशक, उपायुक्त मनरेगा, डीपीआरओ, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, बीडीओ, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी और ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।
Barhaj, Deoria | Oct 5, 2026