*गीता निकेतन आवासीय विद्यालय कुरुक्षेत्र के पूर्व छात्र कमांडर विनीत शर्मा को गैलेंट्री अवॉर्ड की घोषणा*
डॉ. राजेश वधवा/ कुरूक्षेत्र खबरनामा
गीता निकेतन आवासीय विद्यालय कुरुक्षेत्र के पूर्व छात्र विनीत शर्मा वर्तमान में भारतीय नौसेना में कमांडर पद पर आई.एन.एस. वागशीर पनडुब्बी पर तैनात हैं। कमांडर विनीत शर्मा को नौ सेना में उनके अदम्य साहस और असाधारण वीरता के लिए 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर महामहिम राष्ट्रपति द्वारा नौसेना गैलेंट्री अवॉर्ड (वीरता पुरस्कार) से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।यह समाचार विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान , गीता निकेतन आवासीय विद्यालय एवं कुरुक्षेत्र वासियों के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
सेक्टर -4 कुरुक्षेत्र के रहने वाले विनीत शर्मा के पिता स्वर्गीय मोहिंदर कुमार शर्मा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के प्रशासनिक विभाग से सेवानिवृत्त थे तथा माता सुदर्शन शर्मा भारत सरकार के एम. एस. एम. ई . विभाग से सेवानिवृत्त हैं। गीता निकेतन के संपर्क अधिकारी वरिष्ठ आचार्य तेजबीर सिंह ने बताया कि विनीत शर्मा विद्यालय के होनहार मेधावी छात्र रहे।उनकी अध्ययन के साथ साथ खेलकूद में भी रुचि थी । छात्र जीवन से ही विनीत को देशभक्ति एवं राष्ट्रसेवा का जुनून था। विनीत शर्मा ने गीता निकेतन में दशवीं कक्षा में अध्ययन के समय सन 2002 में देश की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतिभाखोज परीक्षा NTSE उत्तीर्ण कर राष्ट्रीय छात्रवृति प्राप्त की थी।2004 में विनीत ने गीता निकेतन से 12वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण की तथा 2005 में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी NDA खड़गवासला में प्रवेश लिया । ज्ञातब्य है कि राष्ट्रीय रक्षा अकादमी से पासिंग आउट परेड के समय भी विनीत शर्मा सर्वश्रेष्ठ कैडेट रहते हुए प्रेसीडेंट स्वॉर्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित हो चुके हैं ।
महामहिम राष्ट्रपति द्वारा नौसेना सेवा मेडल गैलेंट्री अवॉर्ड (वीरता पुरस्कार )से सम्मानित होने वाले नौ सेना के अधिकारियों की सूची में भी विनीत शर्मा का नाम पहले स्थान पर है । इस अभूतपूर्व एवं सराहनीय उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ घनश्याम शर्मा, प्रबंधक पवन गुप्ता, प्रधानाचार्य नारायण सिंह ने विनीत शर्मा एवं परिवार को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की है।