
खेत में खड़ा ट्रैक्टर बना चोरों का निशाना, पुलिस ने छह आरोपियों को दबोचा; ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद
हुसैनाबाद, लेस्लीगंज और लातेहार तक फैला आरोपियों का ठिकाना, चोरी के खुलासे में तीन अदद मोबाइल भी बरामद
#डालटनगंज #पलामू:
पलामू में ट्रैक्टर चोरी के मामले में लेस्लीगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अज्ञात चोरों ने 23 और 24 सितंबर 2026 की रात डाटलटनगंज-पांकी मुख्य सड़क पर स्थित ग्राम अखौरी दुम्मी से एक ट्रैक्टर और ट्रॉली चोरी कर ली थी। इस संबंध में ट्रैक्टर मालिक की शिकायत पर लेस्लीगंज थाना में कांड संख्या 138/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी का ट्रैक्टर और ट्रॉली बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि अन्य संभावित संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
हुसैनाबाद और लेस्लीगंज के आरोपी, लातेहार का युवक भी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के पूर्णाडीह निवासी 19 वर्षीय मंटू कुमार सिंह, हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के कामगारपुर निवासी 28 वर्षीय सत्यम शिवम कुमार सिंह, कचरा निवासी 29 वर्षीय रौशन कुमार सिंह और मोबारकपुर निवासी 20 वर्षीय मनीष कुमार सिंह शामिल हैं। इनके अलावा लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के झागरपुर निवासी 23 वर्षीय गौरव कुमार सिंह तथा लातेहार जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र के सरईडीह पोखरी निवासी 23 वर्षीय भानु प्रताप सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है।
इस कार्रवाई में लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, सहायक अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार, रिजर्व गार्ड के जवानों और पलामू पुलिस की तकनीकी शाखा की भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से ट्रैक्टर चोरी की घटना का खुलासा हुआ है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का किसी संगठित चोरी गिरोह से संबंध है या नहीं तथा वे इससे पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।
Panki, Palamu | Oct 14, 2026