
14 जुलाई से सेहत और सुरक्षा के लिए घर-घर दी जाएगी दस्तक
==
5 वर्ष तक के बच्चों की होगी स्वास्थ्य जांच, ओआरएस, जिंक, विटामिन-ए एवं आईएफए की खुराक निःशुल्क दी जाएगी
====
बच्चों को दस्त, निमोनिया एवं अन्य बाल्यकालीन बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 जुलाई से प्रदेशव्यापी ’दस्तक अभियान’ की शुरुआत की जा रही है जो 31 अगस्त तक 33 कार्य दिवसों में संचालित किया जाएगा। जिले में अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त दल घर-घर जाकर पाँच वर्ष तक के बच्चों की स्वास्थ्य जांच करेंगे तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराएंगे।
घर-घर पहुंचकर होगी बच्चों की स्वास्थ्य जांच
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश राय ने बताया कि वर्षा ऋतु में स्वच्छता की कमी के कारण दस्त एवं अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए गठित दस्तक दल पाँच वर्ष तक के बच्चों वाले घर में जाकर बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करेंगे। बच्चों का तापमान, श्वसन दर, नाड़ी दर सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कर जरूरत पड़ने पर समुचित उपचार एवं प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा।
ओ.आर.एस., जिंक गोली का निःशुल्क वितरण विटामिन-ए
एवं आईएफए की खुराक पिलायी जाएगी
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विक्रांत चौहान ने बताया कि जिले में 5 वर्ष तक के 1,11,061 डिजिटाइज्ड बच्चों को अभियान से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के दौरान प्रत्येक पात्र बच्चे के लिए ओआरएस पैकेट एवं जिंक की गोलियाँ निःशुल्क वितरित की जाएँगी। साथ ही निर्धारित मानकों के अनुसार विटामिन-ए एवं आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) की खुराक भी दी जाएगी, जिससे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत हो सके।
परिजनों से सहयोग की अपील
डॉ. चौहान ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि जब स्वास्थ्य विभाग का संयुक्त दल उनके घर पहुँचे, तब पाँच वर्ष तक के सभी बच्चों की स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएँ तथा बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी सही एवं पूर्ण जानकारी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराएँ। इससे बीमारियों की समय पर पहचान एवं उपचार संभव हो सकेगा।