
अवैध गतिविधियों में संलिप्तता और ड्यूटी से गैरहाजिर रहने पर आरक्षी बर्खास्त
#DismissedCop #CrimeNews #Sitapur
सीतापुर। जनपद के पुलिस महकमे में उस समय हड़कंप मच गया जब अनुशासनहीनता और अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर एक आरक्षी को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। आरक्षी पर ड्यूटी से बिना सूचना के गायब रहने और करोड़ों की प्रतिबंधित करेंसी के साथ पकड़े जाने का गंभीर आरोप था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षी नागरिक पुलिस विक्की गौतम (पीएनओ-162403985) वर्ष 2024 में 30 दिनों के उपार्जित अवकाश पर गए थे। अवकाश समाप्त होने के बाद भी आरक्षी ने ड्यूटी पर अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई और लगातार अनुपस्थित चल रहे थे। इसी गैरहाजिरी के दौरान, 19 मई 2025 को मुरादाबाद जनपद के थाना डिलारी पुलिस ने आरक्षी विक्की गौतम को उनके साथियों के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से 1 करोड़ 49 लाख 99 हजार रुपये की प्रतिबंधित 500 और 1000 रुपये की पुरानी करेंसी बरामद की थी। इस मामले में आरक्षी को न्यायिक अभिरक्षा में भी भेजा गया था। पुलिस विभाग द्वारा इस कृत्य को लोक सेवक के आचरण के विरुद्ध और पुलिस की छवि धूमिल करने वाला माना गया। विभागीय जांच में आरक्षी विक्की गौतम को दोषी करार दिया गया। जांच निष्कर्ष के आधार पर 'पुलिस अधिकारियों की (दण्ड एवं अपील) नियमावली 1991' के तहत कठोर कदम उठाते हुए आरक्षी विक्की गौतम को नागरिक पुलिस की सेवा से तत्काल प्रभाव से पदच्युत (बर्खास्त) कर दिया गया। #SitapurPolice #UttarPradeshPolice #PoliceNews #UPPolice