
‘रन फॉर डीएवी’ मिनी मैराथन* में दौड़े विद्यालय के 200 बच्चे
*फिल्म एवं टेलीविजन अभिनेता वरुण बडोला ने विजेताओं को किया पुरस्कृत
सिद्धबली न्यूज डेस्क
कोटद्वार। शास्त्री जी एवं गांधी जयंती के पावन अवसर पर बलभद्रपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, कोटद्वार में ‘रन फॉर डीएवी’ मिनी मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस आयोजन में विद्यार्थियों ने पूरे जोश, उमंग और खेल भावना के साथ प्रतिभाग कर स्वस्थ जीवनशैली तथा शारीरिक फिटनेस का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य नितिन भाटिया द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस मिनी मैराथन में कक्षा 6 से 12 तक के लगभग 200 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता को बालक एवं बालिका वर्ग तथा जूनियर (कक्षा 6 से 8) एवं सीनियर (कक्षा 9 से 12) श्रेणियों में आयोजित किया गया, जिससे सभी प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हुआ।
मैराथन दौड़ मालवीय उद्यान से प्रारंभ होकर झंडा चौक, तीलू रौतेली चौक, देवी रोड एवं कोर्ट तिराहे से होते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल परिसर में संपन्न हुई। लगभग पाँच किलोमीटर की इस चुनौतीपूर्ण दौड़ में विद्यार्थियों ने अद्भुत उत्साह, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं शारीरिक क्षमता का परिचय दिया। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों का जोश और ऊर्जा देखते ही बनती थी।
दौड़ प्रतियोगिता के उपरांत विद्यालय प्रांगण में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रसिद्ध भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन अभिनेता वरुण बडोला, प्रधानाचार्य नितिन भाटिया एवं खेल शिक्षक अजय कुमार व्यास ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि वरुण बडोला ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिताएँ जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, धैर्य, परिश्रम और आत्मविश्वास के विकास का सशक्त आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—
जूनियर वर्ग (बालिका) में रिप्रियांशु सैनी ने प्रथम, आकृति ने द्वितीय तथा इशिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जूनियर वर्ग (बालक) में रुद्रांश सिंह बिष्ट प्रथम, जयादित्य वीर सिंह रावत द्वितीय तथा आयुष्मान रावत तृतीय स्थान पर रहे।
सीनियर वर्ग (बालिका) में सृष्टि ने प्रथम, श्रुति रावत ने द्वितीय तथा आस्था रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सीनियर वर्ग (बालक) में रजत बिष्ट प्रथम, नीलेश द्वितीय तथा लखवेन्द्र तृतीय स्थान पर रहे।
अंत में विद्यालय की पर्यवेक्षिका सारिका ने कार्यक्रम में पधारे मुख्य अतिथि श्री वरुण बडोला, सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी भाटिया ने किया।