
*कार्यदायी एजेंसियां आंगनवाड़ी केंद्रों के न पोषण वाटिका के निर्माण को प्राथमिकता से पूरा करे पुलकित गर्ग*
जनपद चित्रकूट में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की मासिक समीक्षा एवं संभव अभियान 6.0 के क्रियान्वयन हेतु बैठक 24.06.2026 को गई। बैठक की जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अरुण कुमार पाण्डेय द्वारा अवगत कराया गया कि संभव आंगनवाडी केन्द्र के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2022-23 में 100 आंगनवाड़ी केन्द्र, वित्तीय वर्ष 2023-24 में 66 आंगनवाड़ी केन्द्र एवं वित्तीय वर्ष 2024-25 में 37 आंगनवाड़ी केन्द्र पर पोषण वाटिका बनाने हेतु लक्ष्य प्राप्त हुआ था जिसके सापेक्ष प्राप्त बजट के आधार पर अब तक 175 आंगनवाडी केन्द्रों पर पोषण वाटिका निर्मित/निर्माणाधीन है जबकि 28 अंागनवाडी केन्द्रों पर पोषण वाटिका बनाने हेतु बजट की मांग की गयी है। आंगनवाडी केन्द्र भवन निर्माण की समीक्षा में पाया गया कि नीति द्वारा उपलब्ध कराए गए फण्ड से 65 आंगनवाडी केन्द्र भवनों का निर्माण हो रहा है, जिसके सापेक्ष 52 आंगनवाडी केन्द्र भवन पूर्ण हो गए हैं जबकि 13 आंगनवाडी केन्द्र भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग को निर्देशित किया गया कि जिन ठेकेदारों द्वारा कार्य समय से पूर्ण नहीं कराया जा रहा है, उनको ब्लैकलिस्ट करते हुए 01 माह के अन्दर समस्त आंगनवाडी केन्द्र भवनों का निर्माण पूर्ण कराएं। इसके अतिरिक्त आई0सी0डी0एस0, जीरामजी एवं पंचायतीराज विभाग के कन्वर्जन से निर्माणाधीन 26 आंगनवाडी केन्द्र भवनों की समीक्षा में पाया गया कि वर्तमान तक केवल 21 आंगनवाडी केन्द्र भवन पूर्ण हुए हैं, निर्देशित किया गया कि 01 माह के अन्दर समस्त अवशेष कार्य पूर्ण कराते हुए आई0डी0एस0 विभाग को आंगनवाडी केन्द्र भवन हस्तगत कराया जाए। टी0एच0आर0 प्लांट से अनुपूरक पोषाहार निर्माण के बारे में निर्देशित किया गया कि पोषाहार बनाने हेतु समस्त सामग्री का क्रय जनपद की स्वयं सहायता के माध्यम से क्रय किया जाए, जिससे कि जनपद में अधिक से अधिक ‘लखपति दीदी‘ बन सकें। आंगनवाडी केन्द्र संचालन की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि समस्त आंगनवाडी केन्द्र समय से खुलें और निर्धारित गतिविधि कैलेण्डर के अनुसार गतिविधियों का आयोजन कराया जाए एवं शत प्रतिशत लाभार्थियों का ई-केवाईसी कराते हुए पोषाहार नियमित वितरतण कराया जाए। सम्भव अभियान 6.0 से सम्बन्धित विभागों- आई0सी0डी0एस0, स्वास्थ्य एवं पंचायतीराज को निर्देशित किया गया कि शासनादेश द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को शतप्रतिशत अर्जित करें एवं जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाडी कार्यकत्रियों एवं अन्य कार्मिकों को पुरस्कृत/सम्मानित किया जाएगा। जिला पंचायतराज अधिकारी चित्रकूट को निर्देशित किया गया कि जिन आंगनवाडी केन्द्रों पर रंगाई-पुताई आदि कार्य की आवश्यकता हैं, उनमें बाला वॉल पेंटिंग का कार्य कराएं जिससे कि केन्द्र बच्चों को आकर्षक लगे। जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया कि विशेष प्रयास करते हुए प्रधानमंत्री मातृ योजना के अन्तर्गत अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को योजना से आच्छादित कराएं तथा कुपोषित बच्चों पर लक्षित प्रयास करते हुए उन्हे पोषण, स्वास्थ्य एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराते हुए कुपोषण मुक्त कराएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, उपायुक्त श्रम-रोजगार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित जिला पोषण समिति के सदस्य एवं कार्यदायी संस्थाओें द्वारा प्रतिभाग किया गया।
Mau, Chitrakoot | Jun 25, 2026