
नई दिल्ली: देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया।
बातचीत में 5-डे बैंकिंग वीक की मांग प्रमुख मुद्दा रही। इस पर विचार के लिए हाई-लेवल जॉइंट कमेटी गठित करने पर सहमति बनी है। हालांकि, अभी हर शनिवार बैंक बंद करने का फैसला नहीं हुआ है। फिलहाल दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक बंद रहेंगे, जबकि अन्य शनिवार को सामान्य कामकाज जारी रहेगा।
बैठक में Scale IV और उससे ऊपर के बैंक अधिकारियों के परफॉर्मेंस-लिंक्ड इंसेंटिव पर भी चर्चा हुई। IBA इस संबंध में सरकार के सामने प्रस्ताव रखेगा।
प्रस्तावित हड़ताल 30 सितंबर की अर्धवार्षिक क्लोजिंग के दौरान होने वाली थी, जिससे बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका थी। हड़ताल टलने से ग्राहकों और बैंक कर्मचारियों को तत्काल राहत मिली है।
हालांकि 5-डे बैंकिंग समेत अन्य मांगों पर बातचीत जारी रहेगी। समाधान नहीं निकलने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का प्रस्ताव आगे बढ़ सकता है।
#BankStrike #BankHoliday #BankNews #September2026