
प्रगति किशोर क्लब में रामायण धारावाहिक का शुभारंभ, दीपक प्रताप देव ने किया उद्घाटन
बोले दीपक प्रताप देव—रामायण के प्रत्येक पात्र से सीख लेने की जरूरत, सत्य की हमेशा होती है जीत
श्री बंशीधर नगर। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 स्थित ब्लॉक मोड़ पर प्रगति किशोर क्लब की ओर से धारावाहिक रामायण का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक प्रत्याशी सह भोजपुरगढ़ के प्रमुख दीपक प्रताप देव ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दीपक प्रताप देव ने कहा कि रामायण में दर्शाए गए प्रत्येक पात्र के जीवन और उनके आदर्शों से हम सभी को सीख लेने की जरूरत है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, सत्य, त्याग और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने आदर्शों और कर्मों के बल पर मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में प्रतिष्ठा प्राप्त की। रामायण हमें सिखाती है कि अंततः असत्य पर सत्य की जीत होती है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के साथ उनका आत्मीय संबंध है। गांव के लोगों को जब भी उनकी जरूरत होगी, वे हमेशा उनके बीच उपस्थित रहेंगे और हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।
रामायण धारावाहिक के शुभारंभ से क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह रहा।
मौके पर ये रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रगति किशोर क्लब के अध्यक्ष उमेश शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश ठाकुर, मुकेश ठाकुर, विवेकानंद विश्वकर्मा, भारती रंजन, मनीष कुमार, गोलू ठाकुर, पिंटू मेहता, कौशल कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
Deepak Pratap Deo
Kanke, Ranchi | Oct 11, 2026