
बारिश की आस में युवक का अनूठा संकल्प, खेतों की हरियाली लौटने तक नहीं पहनेंगे चप्पल
बिसाऊ : क्षेत्र में बारिश का इंतजार कर रहे किसानों और पशुपालकों की चिंता को देखते हुए एक युवक ने अनूठा संकल्प लेकर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। कस्बे के युवक योगेश शर्मा ने संकल्प लिया है कि जब तक आसपास के खेतों में अच्छी बारिश नहीं होती, तब तक वह अपने पैरों में चप्पल नहीं पहनेंगे।
योगेश शर्मा का कहना है कि इस समय बारिश की कमी से किसानों की फसलें प्रभावित होने की आशंका है। यदि समय पर वर्षा नहीं हुई तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है, वहीं पशुओं के लिए भी चारे और पानी की समस्या खड़ी हो सकती है।
उन्होंने कहा कि यह संकल्प किसी दिखावे के लिए नहीं, बल्कि ईश्वर से प्रार्थना और किसानों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है। उनकी कामना है कि जल्द ही क्षेत्र में अच्छी बारिश हो, खेतों में हरियाली लौटे और किसान खुशहाल हों।
योगेश के इस अनूठे संकल्प की क्षेत्रवासियों ने सराहना की है और इसे किसानों के प्रति एकजुटता व संवेदनशीलता का प्रेरक उदाहरण बताया है।
#बारिश_की_आस #किसानों_के_लिए_संकल्प #बिसाऊ
#tharkiawaazajay
#bissau
Churu, Churu | Aug 22, 2026