
स्कूल यूनिफॉर्म में बच्चों की गुहार पहुंची डीएम तक, बीडीओ की मौजूदगी में समसुद्दीनपुर की बदहाल सड़क पर शुरू हुआ काम
#बलिया: जलजमाव और कीचड़ से बेहाल स्कूल जाने वाले रास्ते ने जब बच्चों की पढ़ाई और आवाजाही मुश्किल कर दी तो मासूमों ने अपनी समस्या बताने का अनोखा तरीका अपनाया। #स्कूल #यूनिफॉर्म में बच्चों ने बदहाल #सड़क का वीडियो बनाकर बलिया डीएम मंगला प्रसाद सिंह से रास्ता बनवाने की अपील की। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो बच्चों की यह गुहार सीधे डीएम तक पहुंच गई। मामले का संज्ञान लेते हुए डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को सड़क की समस्या दूर कराने के निर्देश दिए। #डीएम के निर्देश पर शनिवार को सुबह 10 बजे सीयर बीडीओ सूर्य प्रकाश समसुद्दीनपुर गांव पहुंचे और मौके पर सड़क की7 स्थिति का जायजा लिया। जलजमाव से प्रभावित रास्ते को दुरुस्त कराने के लिए उनके निर्देश पर ईंट गिराने के साथ सड़क निर्माण का काम शुरू कर दिया गया। बदहाल रास्ते पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों में खुशी की लहर है। जिस रास्ते पर पानी और कीचड़ के बीच बच्चों को स्कूल पहुंचना मुश्किल हो रहा था, वहीं अब निर्माण कार्य शुरू होने से बेहतर और सुरक्षित रास्ते की उम्मीद जगी है। बच्चों की मासूम अपील ने दिखा दिया कि अपनी समस्या को सही तरीके से उठाया जाए तो जिम्मेदार अधिकारियों तक आवाज पहुंचने में देर नहीं लगती। हालांकि प्रधान प्रतिनिधि अशोक यादव ने बताया कि इस सड़क की पहले भी मरम्मत की गई थी। लेकिन आसपास के लोगों के अतिक्रमण और गंवई विरोध के कारण जलजमाव की स्थिति बनी थी। इसे भी दूर कर दिया गया है।