
बलराम कृषि महोत्सव को भव्य रूप में मनाए - कलेक्टर श्री मीना
---
विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक संपन्न
------
आगामी दिनों में आयोजित हो रहे बलराम कृषि महोत्सव को भव्य रूप में मनाए। साथ ही उप संचालक कृषि इसका व्यापक प्रचार प्रसार भी करें। ताकि किसानों को आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी मिल सके। उक्त निर्देश कलेक्टर राजीव रंजन मीना द्वारा आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए गए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक चौधरी, अपर कलेक्टर संजीव केशव पाण्डेय, सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री मीना ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कृषकों को कृषि नवाचार, आधुनिक तकनीक, उन्नत कृषि यंत्र, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण एवं किसान कल्याण योजनाओं की जानकारियां देने के उद्देश्य से दिनांक 17 जुलाई को बलराम कृषि महोत्सव अंतर्गत जिला मुख्यालय पर स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित होने वाले एक दिवसीय कार्यक्रम को भव्य रूप में मनाए जाने की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। संबंधित अन्य विभाग भी अपनी विभागीय योजनाओं अनुसार प्रदर्शनी लगाने का कार्य करें। यहां पर पीने के पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं भी सुनिश्चित करें।
इसके अलावा 15 जुलाई से प्रारम्भ हो रहे नशा मुक्ति अभियान अंतर्गत सभी विभाग जारी केलेंडर अनुसार कार्यकर्मो को सुचारू बनाएं। सभी विभाग अपनी सहभागिता भी सुनिश्चित करें। जारी केलेंडर अनुसार जिले के शैक्षणिक संस्थानों, शासकीय कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सेल्फी प्वाइंट, हस्ताक्षर अभियान, पोस्टर, बैनर, पम्पलेट एवं जन-जागरूकता तख्तियों के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता फैलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त नशा मुक्ति केंद्र, ब्रह्माकुमारी संस्थान, गायत्री परिवार, सामाजिक न्याय विभाग, जिला चिकित्सालय सहित विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नशे की लत छोड़कर नया जीवन प्रारंभ करने वाले व्यक्तियों के अनुभव भी साझा किए जाएंगे। साथ ही नुक्कड़ नाटक, कविता, गीत, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, विद्यालयों में बौद्धिक सत्र, सोशल मीडिया अभियान, सिनेमा घरों एवं शहर की एलईडी स्क्रीन पर पुलिस अधीक्षक की अपील का प्रसारण तथा आकाशवाणी के माध्यम से भी जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। अभियान के दौरान नागरिकों एवं युवाओं को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी।
कलेक्टर श्री मीना ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभाग अपनी रैंकिंग देखे। साथ ही इसमें पेंडिंग शिकायतों का निराकरण समय पर सुनिश्चित करें। ताकि संबंधित विभागों के साथ ही जिले की रैंकिंग में भी सुधार हो। साथ ही सभी अधिकारी इनका जवाब समय सीमा में भी प्रस्तुत करें।
Jansampark Madhya Pradesh