🌧️ हलिया में बारिश का कहर: उफनाए नदी-नाले, बाजार जलमग्न; कई गांवों में घुसा पानी
मिर्जापुर। जनपद में लगातार हो रही बारिश से हलिया क्षेत्र में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। नदी-नाले उफान पर हैं और जगह-जगह जलभराव से जनजीवन प्रभावित हो गया है। हलिया बाजार की सड़कें पानी में डूब गई हैं, वहीं बारिश का पानी एसबीआई बैंक परिसर में भी घुस गया।
क्षेत्र का सुसुवार नाला रौद्र रूप में बह रहा है, जिसके चलते भटवारी, दीघिया और बसुहरा गांवों में पानी घुस गया है। खेत भी पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
तेज पानी के बहाव के कारण दीघिया-भटवारी संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं हलिया-ददरी मार्ग पर भी आवागमन बाधित बताया जा रहा है। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है।
उधर, मेजा-ददरी बांध से बेलन नदी में भी पानी छोड़े जाने से नदी के जलस्तर में और वृद्धि की आशंका बनी हुई है। क्षेत्र में लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
लगातार बारिश के बीच प्रशासन और ग्रामीणों को नदी-नालों के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। पूर्व में भी सुसुवार नदी के उफान पर आने से हलिया-ददरी मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो चुका है।
#TodayMirzapur #MirzapurNews #Haliya #HeavyRain #Flood #Mirzapur
Mirzapur, Mirzapur | Aug 29, 2026