
आधार फर्जीवाड़े के आरोप में जिला समन्वयक वरुण कुमार बसंत गिरफ्तार, मोबाइल बरामद
सुपौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर फर्जी आधार कार्ड बनाने के मामले में हुई गिरफ्तारी
सुपौल। जिले में आधार से जुड़े फर्जीवाड़े के मामले में सुपौल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आधार के जिला समन्वयक वरुण कुमार बसंत को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 12 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी पर अवैध तरीके से दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर विभिन्न प्रकार के फर्जी दस्तावेज तैयार करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, जिले में आधार फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की जा रही थी। इसी क्रम में फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से आधार कार्ड बनाने वाले लोगों की पहचान सुनिश्चित कर साइबर थाना में कांड संख्या 57/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी।
अनुसंधान के दौरान आधार के जिला समन्वयक वरुण कुमार बसंत, पिता शंकर पासवान, निवासी करहवाना वार्ड संख्या-10, थाना छातापुर, जिला सुपौल के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त हुए। इसके बाद पुलिस ने साक्ष्य संकलन कर उन्हें एक मोबाइल फोन के साथ विधिवत हिरासत में ले लिया।
पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, हिरासत में लिए गए आरोपी ने आधार फर्जीवाड़े में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आधार फर्जीवाड़ा करने वालों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, इस गिरफ्तारी के बाद आधार से जुड़े दस्तावेजों की सुरक्षा और सत्यापन व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Supaul, Supaul | Nov 12, 2026