
डाइट में प्रधानाचार्यों की जिला-स्तरीय आमुखीकरण कार्यशाला सम्पन्न
चूरूः राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (आर एससीईआरटी) उदयपुर के निर्देशानुसार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में सोमवार को जिलेभर के पीईईओ व प्रधानाचार्यों की डिजिटल लीडरशिप व विद्यालयों में आईसीटी संसाधनों के प्रभावी क्रियान्वयन विषय पर एक दिवसीय जिला-स्तरीय आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ प्राचार्य देवकरण सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप तकनीक आधारित शिक्षण आज के समय की आवश्यकता है। यदि संस्था प्रधान स्वयं डिजिटल परिवर्तन का नेतृत्व करेंगे, तो विद्यालय में नवाचार, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नई गति मिलेगी। राज्य संदर्भ व्यक्ति व प्राचार्य सुनील कुमार शर्मा ने डिजिटल लीडरशिप की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय का संस्था प्रधान केवल प्रशासक नहीं, बल्कि डिजिटल लीडर है, जो तकनीकी और डेटा आधारित निर्णयों के माध्यम से विद्यालयों को नई दिशा देता है। उन्होंने पीएम ई-विद्या डीटीएच चैनलों, दीक्षा पोर्टल, वर्चुअल लैब तथा जादुई पिटारा जैसे डिजिटल शैक्षिक संसाधनों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया। तकनीकी सत्र में दिनेश चोटिया ने साइबर सुरक्षा, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार एवं ऑनलाइन खतरों से बचाव के उपाय बताए। गौरव शर्मा ने गेमिफिकेशन आधारित शिक्षण तकनीकों का प्रदर्शन कर खेल-खेल में सीखने की अवधारणा को प्रभावी ढ़ंग से प्रस्तुत की। सुरेश डूडी ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर डाइट के प्रभागाध्यक्ष उमा सारस्वत, विजयलक्ष्मी शेखावत व ओमप्रकाश बारूपाल सहित जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए पीईईओ व प्रधानाचार्यों ने भाग लिया। #dite #follower
#nonfollowers #followerseveryone
Churu, Churu | Jul 27, 2026