
हिसार में सीएम नायब सैनी के कार्यक्रम में सियासी विवाद
पोस्टर से कुलदीप बिश्नोई की फोटो गायब, नाराज होकर लौटे
हिसार
हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम के दौरान दो घटनाओं ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी। कार्यक्रम के मंच पर लगाए गए पोस्टर से भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई की तस्वीर गायब मिलने पर वे नाराज होकर ऑडिटोरियम में प्रवेश किए बिना ही लौट गए। वहीं, सम्मान समारोह के दौरान नलवा विधायक रणधीर सिंह पनिहार का नाम छूट जाने से वे भी मंच पर नाराज नजर आए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विश्वविद्यालय में माता अमृता देवी सर्कल और खेजड़ली महाबलिदान स्मारक का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इसके अलावा उन्होंने नर्सिंग ब्लॉक और गल्र्स हॉस्टल की नई इमारत की आधारशिला भी रखी। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, मंत्री रणबीर गंगवा, हिसार विधायक सावित्री जिंदल, बिश्नोई समाज के स्वामी डॉ. सचिदानंद आचार्य सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
पहले लगी थी फोटो, बाद में बदला गया पोस्टर
सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रही जानकारी के अनुसार कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान मंच पर लगाए गए पोस्टर में कुलदीप बिश्नोई की तस्वीर मौजूद थी। हालांकि कार्यक्रम शुरू होने से पहले पोस्टर बदल दिया गया, जिसमें उनकी तस्वीर नहीं थी। जब कुलदीप बिश्नोई कार्यक्रम स्थल पहुंचे तो समर्थकों ने उन्हें इसकी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने ऑडिटोरियम में प्रवेश नहीं किया और बिना कार्यक्रम में शामिल हुए वापस लौट गए। हालांकि मंच पर उनके लिए कुर्सी लगाई गई थी और उन्हें कार्यक्रम के मुख्य वक्ताओं में शामिल किया गया था। उनके नहीं पहुंचने के बाद उनकी सीट पर उनके चचेरे भाई एवं पूर्व विधायक दुड़ाराम बैठे।
मुख्यमंत्री ने पूछा- कुलदीप क्यों नहीं आए
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूर्व विधायक दुड़ाराम से पूछा कि कुलदीप बिश्नोई कार्यक्रम में क्यों नहीं आए। इस पर दुड़ाराम ने उन्हें पूरी जानकारी दी। जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री मुस्कुराए, लेकिन उन्होंने मंच से इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की। वहीं विवाद के बीच कुलदीप बिश्नोई के निजी सचिव मोहित का कहना था कि कुलदीप बिश्नोई को दिल्ली के लिए रवाना होना था। कार्यक्रम निर्धारित समय से देरी से शुरू हुआ, इसलिए वे बाहर से ही वापस लौट गए। बताया जा रहा है कि पोस्टर विवाद को लेकर उन्होंने कोई अलग टिप्पणी नहीं की।
Sirsa, Sirsa | Jul 12, 2026