
घर बैठे डाउनलोड करें आयुष्मान ई-कार्ड, स्वास्थ्य सुरक्षा अब और हुई आसान
==
आयुष्मान ऐप के माध्यम से पात्र हितग्राही स्वयं डाउनलोड कर सकते हैं ई-कार्ड, आयुष्मान कार्ड बनाना एवं डाउनलोड करना पूर्णतः निःशुल्क
===
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी ने बताया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को अब अपना आयुष्मान ई-कार्ड प्राप्त करने के लिए कहीं जाने की आवश्यकता नहीं है। National Health Authority द्वारा विकसित आयुष्मान ऐप के माध्यम से पात्र हितग्राही घर बैठे ही अपना आयुष्मान ई-कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। यह प्रक्रिया सरल, सुरक्षित एवं पूर्णतः निःशुल्क है।
आयुष्मान ऐप का उपयोग करने के लिए सबसे पहले मोबाइल में ऐप डाउनलोड करें। इसके बाद PM&JAY के अंतर्गत ’ई-कार्ड’ विकल्प का चयन करें। आधार आधारित OTP अथवा फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से सत्यापन करें। सत्यापन पूर्ण होने पर ’डाउनलोड कार्ड’ विकल्प पर क्लिक करते ही आयुष्मान ई-कार्ड आपके मोबाइल में उपलब्ध हो जाएगा।
आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को सूचीबद्ध शासकीय एवं अनुबंधित निजी अस्पतालों में प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इसलिए जिन पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बना है अथवा जिन्हें ई-कार्ड डाउनलोड करना है, वे आयुष्मान ऐप का उपयोग कर सकते हैं। आवश्यकता होने पर निकटतम आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा जिला चिकित्सालय से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।