
राजस्थान विद्यापीठ में कर्मचारियों का आंदोलन 37वें दिन भी जारी, वेतन रोकने और नोटिस से बढ़ा विवाद
उदयपुर। जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड विश्वविद्यालय) में कर्मचारियों का आंदोलन लगातार 37वें दिन भी जारी रहा। कर्मचारी संघ ने आरोप लगाया कि आंदोलन में शामिल कर्मचारियों का वेतन रोक दिया गया है और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई है।
संघ अध्यक्ष डॉ. प्रकाश धाकड़ ने कहा कि कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने के बजाय दमनात्मक कार्रवाई कर रहा है। कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय के सेवा नियम सार्वजनिक करने, रोका गया वेतन जारी करने, कारण बताओ नोटिस वापस लेने, ऑनलाइन पीएफ सुविधा शुरू करने, लंबित एरियर के भुगतान और महंगाई भत्ते का लाभ देने की मांग दोहराई।
कर्मचारी संघ ने कुलपति की नियुक्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट करने और कथित जमीन घोटाले की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई है। संघ का कहना है कि वार्ता विफल होने के बाद आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
डॉ. प्रकाश धाकड़ ने कहा कि जब तक कर्मचारियों की मांगों पर लिखित आदेश जारी नहीं किए जाते, तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस मामले में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।