
*सीधी कांग्रेस में घमासान: प्रभारी से मारपीट, दो कार्यकर्ता आजीवन निष्कासित*
*मासिक समीक्षा बैठक के बाद विवाद, डॉ. विनोद शर्मा से गाली-गलौज व छीनाझपटी – सोशल मीडिया पोस्ट बनी टकराव की वजह*
*पेट्रोल न्यूज़ सीधी।* जवाहर कांग्रेस भवन सीधी में मंगलवार शाम मासिक समीक्षा बैठक के बाद बड़ा विवाद हो गया। विधानसभा सीधी के प्रभारी डॉ. विनोद शर्मा के साथ गाली-गलौज, छीनाझपटी और मारपीट की गई। संगठन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विजय सिंह और कमलेन्द्र सिंह को पार्टी से आजीवन निष्कासित कर दिया।
*अजय सिंह के जाते ही हुआ विवाद*
घटना पूर्व नेता प्रतिपक्ष और चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल के बैठक से रवाना होने के तुरंत बाद हुई। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी-कार्यकर्ता मौजूद थे।
*सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ टकराव*
विवाद की जड़ डॉ. विनोद शर्मा की एक सोशल मीडिया पोस्ट बनी। उन्होंने लिखा था- "प्रदेश अध्यक्ष सामंतवादी नहीं होना चाहिए।" कुछ कार्यकर्ताओं ने इसे अजय सिंह राहुल और दिग्विजय सिंह से जोड़कर देखा, क्योंकि दोनों राजघराने से हैं। इसी पोस्ट पर विजय सिंह और कमलेन्द्र सिंह की आपत्तिजनक टिप्पणियों के बाद तनाव बढ़ा।
*प्रभारी बोले- किया अभद्र व्यवहार*
डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि अजय सिंह के रवाना होते ही दोनों ने बहस शुरू की, गलत शब्दों का इस्तेमाल किया और छीनाझपटी कर अभद्र व्यवहार किया। घटना की सूचना संगठन को दी गई।
*'अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं'*
जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि प्रभारी के साथ हुई बहसबाजी और अनुशासनहीनता स्वीकार्य नहीं है। संगठन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों को आजीवन निष्कासित कर दिया है।
Mauganj, Rewa | Jul 1, 2026