अजमेर में जुए-सट्टे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 सटोरिए गिरफ्तार; 15,200 रुपए जब्त
अजमेर। रामगंज थाना पुलिस ने जुए-सट्टे और असामाजिक तत्वों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने जुआ खेलते हुए 5 सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15,200 रुपए की सट्टा राशि जब्त की। वहीं लड़ाई-झगड़ा कर उत्पात मचाने और क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले 12 असामाजिक तत्वों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को रामगंज थाना पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। अजय नगर रोड स्थित लुहार बस्ती में 4-5 लोगों के हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलने की सूचना पर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने मौके से निजामुद्दीन उर्फ निजाम, शेर मोहम्मद उर्फ शेर, विमल मामनानी, फकरुद्दीन उर्फ पिंटू और शमशुद्दीन को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 15,200 रुपए की सट्टा राशि बरामद की गई।
इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अनिस, अब्दुल बकाती और शेर मोहम्मद उर्फ शानू सहित अन्य असामाजिक तत्वों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कृषि मंडी बालाजी फैक्ट्री क्षेत्र में मजदूरों के दो गुटों के बीच लड़ाई-झगड़ा कर कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने के मामले में भी सोरम, हुसैन, फिदा हुसैन, मोहम्मद इस्माइल, बबलू, संजीत, सोनू कुमार, ताहिद और मोहम्मद तारिक को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि असामाजिक तत्वों और जुआ-सट्टे की गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Ajmer Police Rajasthan