
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
-------
27 से 31 जुलाई तक जिले के सातों विकासखंडों में भ्रमण करेगा जागरूकता रथ
बड़वानी 27 जुलाई 2026/प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) के अंतर्गत खरीफ फसल बीमा सप्ताह कार्यक्रम के तहत अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी द्वारा फसल बीमा के प्रति जन-जागरूकता फैलाने हेतु एक विशेष जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह जागरूकता रथ 27 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक जिले के सभी सातों विकासखंडों का भ्रमण करेगा। इस दौरान रथ के माध्यम से गांव-गांव जाकर किसान भाइयों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ फसलों के बीमा, आवेदन प्रक्रिया, अंतिम तिथि और योजना से मिलने वाले विभिन्न लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं, कीट/रोगों से फसलों को होने वाले नुकसान से किसानों को सुरक्षा प्रदान करना और जिले के अधिक से अधिक कृषकों को इस कल्याणकारी योजना से जोड़ना है। प्रशासन ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे इस जागरूकता रथ के माध्यम से दी जा रही जानकारियों का लाभ उठाएं और समय रहते अपनी खरीफ फसलों का बीमा कराकर निश्चिंत हों।
#JansamparkMP
#Badwani