दरभंगा के प्रेम ज्वेलर्स लूटकांड में बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कांड में अब तक 14 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
दिनदहाड़े 2 करोड़ के जेवर की लूट हुई थी। 4 अपराधियों ने ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाते हुए हथियार के बल पर इस वारदात को अंजाम दिया। ज्वेलरी के साथ अपराधी 10 लाख कैश लेकर भी फरार हो गए थे। घटना नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र के सरसोपाही निवासी मिथिलेश पासवान के रूप में हुई है। एसटीएफ की टीम ने पंडौल थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी का क्रिमिनल रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।