
एचआरटीसी बस से बैटरियां चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त,
कसौली। गुनाई बस स्टैंड पर खड़ी एचआरटीसी बस से दो बैटरियां चोरी करने के मामले में पुलिस थाना कसौली ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी कब्जे में ले ली है। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार एचआरटीसी नालागढ़ में कार्यरत चालक प्रदीप सिंह ने 10 जुलाई को थाना कसौली में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया कि वह 8 जुलाई को एचआरटीसी बस लेकर नालागढ़ से गुनाई पहुंचे थे और बस को गुनाई बस स्टैंड पर खड़ा किया था। 9 जुलाई की सुबह बस के पास पहुंचने पर दोनों बैटरियां गायब मिलीं। अज्ञात व्यक्ति रात के समय बस की करीब 30 हजार रुपये कीमत की दोनों बैटरियां चोरी कर ले गया था।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संतोष कुमार (35) पुत्र नवीन सिंह, निवासी गांव भगवानपुर नरहरबीघा, डाकघर सिलाव, जिला नालंदा (बिहार), हाल निवासी गांव भैरों की सेर, टीपरा, तहसील कालका, जिला पंचकूला (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त कर ली है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी परवाणू की एक कंपनी में कार्यरत है और अधिकतर रात्रि ड्यूटी करता है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से थाना परवाणू में चोरी के दो मामले दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड का भी सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।